मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
मोतिहारी शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने छतौनी में निर्माणाधीन ओवरफ्लाई परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि ओवरफ्लाई का निर्माण कार्य हर हाल में 30 अक्टूबर तक पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूरी करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने ओवरफ्लाई के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड को एक माह के भीतर पूरी तरह दुरुस्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शहर में जाम की समस्या में भी कमी आएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्यस्थल पर श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण होकर आम जनता को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा समयबद्ध निष्पादन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।