गांडेय रफ्तार मीडिया सवाददाता राजु मंडल।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, फूलची में सोमवार को 100 डेज अक्षय रोग(टीबी)मुक्त चैलेंज अभियान के तहत एक विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।

*​समय पर पहचान और नियमित उपचार से हारेगा टीबी*

​टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार गांव स्तर पर स्क्रीनिंग एवं जांच कार्यक्रम चला रहा है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी को पूरी तरह हराया जा सकता है। लोगों को बिना किसी डर के अपनी जांच करानी चाहिए, ताकि बीमारी का जल्द से जल्द इलाज शुरू हो सके।

*​141 मरीजों की एक्स-रे और 200 मरीजों की हुई सामान्य जांच*

​कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन को लेकर बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया, जिसके मुख्य आंकड़े निम्नलिखित हैं.
​टीबी जांच- कुल 141 टीबी संदिग्ध एवं कॉन्टैक्ट मरीजों का अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन से फेफड़ों का एक्स-रे किया गया।
एक्स-रे के साथ ही सभी 141 मरीजों के बलगम का सैंपल भी आगे की जांच के लिए लिया गया।
​ टीबी जांच के अलावा ओपीडी के तहत करीब 200 मरीजों का शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी) सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें उचित परामर्श व दवाइयां दी गईं।

*​शीघ्र उपचार सुनिश्चित करना ही मुख्य उद्देश्य*


​इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मोहन प्रसाद ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 100 डेज टीबी मुक्त चैलेंज का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उनका शीघ्र उपचार सुनिश्चित करना है। नियमित जांच और जागरूकता के माध्यम से ही टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

​इस विशेष स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय योगदान दिया। मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मोहन प्रसाद, सीएचओ करण कुमार, एसटीएलएस वरुण सिंह, एमपीडब्ल्यू  केशव कुमार, एएनएम  सलिता कुमारी, मीना कुमारी एवं नूतन कुमारी, एमएसडब्ल्यू  ब्रह्मदेव रजक, सहिया साथी देवन्ती देवी तथा स्थानीय सहियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।