संवाददाता : दीपचंद्र दीक्षित
फर्रुखाबाद।शहर कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय नाला शिम्त शुमाल पर लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंकुर मिश्रा एडवोकेट सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा उनके जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा एडवोकेट ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक कुशल, न्यायप्रिय एवं लोकप्रिय शासक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, कृषि विकास तथा व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने अपने राजकोष का उपयोग जनहित एवं धर्मार्थ कार्यों में किया और स्वयं को जनता का सेवक माना।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं, तालाबों एवं जनोपयोगी निर्माण कार्यों को बढ़ावा दिया। साथ ही सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को समान सम्मान एवं संरक्षण प्रदान किया, जिसके कारण उन्हें 'लोकमाता' के रूप में सम्मान प्राप्त हुआ।
अंकुर मिश्रा ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सामाजिक सद्भाव, समावेशी सोच और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज और राजनीति को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में एडवोकेट वीरेंद्र मिश्रा, अशोक राठौर, अतीक सलमानी, सलीम खान, अमर मिश्रा, विष्णु मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, वत्सल्य मिश्रा, जयदा परवीन, हिमांगी सक्सेना, रोहित वर्मा, शब्बू खान, मुकेश कुमार, रघुवरदयाल, संजय दिवाकर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।