जितेन्द्र कुमार चतरा/रफ्तार मीडिया
चतरा के इटखोरी में शुक्रवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग पर पथरिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, मयूरहंड प्रखंड के मंधनिया निवासी 25 वर्षीय छोटू दास और 35 वर्षीय भोला दास रात करीब 11:30 बजे इटखोरी से अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही बेकाबू बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों घायलों को इटखोरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद भोला दास को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग और फिर रांची रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, छोटू दास का हजारीबाग में इलाज जारी है।इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे में दोनों गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिन्हें क्रेन की मदद से थाने लाया जा रहा है। पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।