रिपोर्टर रोहित कुमार/बिजनौर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर बिजनौर पहुंचेंगे। यहां वह वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री लगभग 1000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
इन परियोजनाओं में बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान में पंडाल और मंच तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने गुरुवार सुबह 10 बजे वर्धमान डिग्री कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बिजनौर पहुंचेंगे।मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह कार से वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि जनसभा और कार्यक्रम सफल हो, जिसमें अधिक से अधिक लोग शामिल हों। सभा स्थल पर मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।