दुमका/ललित कुमार पाल।गोपीकांदर थाना क्षेत्र के चिरूडीह गांव में बीते बुधवार को नवेली कोल कंपनी के विस्फोटक लदे पिकअप वाहन के टक्कर से आंगनबाड़ी सेविका की मौत पर शुक्रवार को चिरूडीह गांव नवेली कोयला कंपनी के पदाधिकारियों के साथ मुआवजा हेतु परिजन और ग्रामीण महिला की लाश को लेकर बैठक की गई। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कंपनी के पदाधिकारी, ग्रामीण और परिजन मौजूद रहें|

बैठक में परिजन और ग्रामीणों के द्वारा कोयला कंपनी के पदाधिकारियों के समक्ष 15 करोड़ रूपया का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी या भत्ता राशि की मांग रखी गई। करीब छः से सात घंटे चली लंबी बैठक और हो हल्ला हंगामा के बाद राशि घटकर 1 करोड़ 20 लाख रूपया का मुआवजा पर ग्रामीण और परिजन डंटे रहें। जबकि कंपनी पांच लाख रूपया देने की बात अड़ी रही| आखिरकार देर शाम 6 लाख रूपया और परिवार के पालन-पोषण भत्ता के रूप 25 हजार रूपया प्रति महीना देने पर कंपनी की ओर से सहमति बनी। मुआवजा की मांग पूरी होने पर महिला के शव को उठाया गया| परिजनों के द्वारा शव को उठाकर महिला के गांव काठीकुंड थाना क्षेत्र के बड़ा चापुड़िया गांव ले जाया गया| जहां शव का विधिवत अंतिम संस्कार किया जायेगा| बता दें कि बीते बुधवार को मृतका महिला मेरीसिरा बास्की जो काठीकुंड थाना क्षेत्र के बड़ा चापुड़िया गांव की रहने वाली थी, वह अपनी छोटी बेटी किरणशिला हेंब्रम के साथ स्कूटी से चिरूडीह गांव स्थित अपनी बड़ी बेटी की ससुराल आई थी। बुधवार की शाम 4 बजे के करीब दोनों मां-बेटी स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान चिरूडीह गांव के पोखरा के पास नवेली कोल कंपनी के लिए विस्फोटक ले जा रही पिकअप वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेरीसिला बास्की वाहन के नीचे आ गई, जबकि स्कूटी और उसकी चालक बेटी दूर जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन महिला को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी, गंभीर रूप से घायल होने पर कंपनी के एम्बुलेंस से इलाज हेतु सीएचसी गोपीकांदर लाया गया जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए दुमका रेफर किया गया| दुमका ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया था। मृतक महिला के दमाद संतोष मरांडी ने बताया कि मृतका बड़ा चापुड़िया गांव की आंगनबाड़ी सेविका थी, वह अपने पीछे पति और तीन बेटी छोड़ गयी है। बैठक में मुख्य रूप से नवेली कोल कंपनी महाप्रबंधक रमेश गुट्टे, अनुज कुमार, महालक्ष्मी जीएम प्रभु नारायण यादव, शांति भाई,  जिला परिषद सदस्य निशा सबनम हांसदा, मुखिया जोगाई गृही‌, बड़ा चापुड़िया मुखिया चांदनी देवी, ग्राम प्रधान दुरबिन मुर्मू, मुन्ना मुर्मू, समईल मुर्मू, दिनेश्वर देहरी, देवेन्द्र देहरी, सुतीलाल मुर्मू, रामधन मोहली, डेविड मरांडी सहित भारी संख्या में कोल कंपनी प्रभावित तीन गांव चिरूडीह, महुलडाबर और कुंडापहाड़ी गांव रैयत मौजूद थें।