कुशीनगर। पडरौना नगर के रामधाम पोखरा पर मंगलवार को विकास की एक बड़ी सौगात की नींव रखी गई।राज्यसभा सांसद आरपीएन सिह और सदर विधायक मनीष जायसवाल ने तकरीबन 2.03 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का विधिवत शिलान्यास किया। प्रस्तावित पुल 12 मीटर लंबा और 9 मीटर चौड़ा  होगा, जो पडरौना शहर को विशुनपुरा ब्लॉक के कई गांवों से जोड़ते हुए बिहार सीमा तक आवागमन को आसान बनाएगा। 
बतादे कि लंबे समय से इस पुल की मांग क्षेत्रीय जनता कर रही थी, जिसे अब धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद आरपीएन सिंह ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पुल के बन जाने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। किसान अपने उत्पाद आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे, वहीं छात्रों और मरीजों के लिए सुरक्षित और तेज़ मार्ग उपलब्ध होगा।
सदर विधायक मनीष जायसवाल ने इसे जनता की वर्षों पुरानी मांग बताते हुए कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।