बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
चांडिल अनुमंडल अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड मुख्यालय सभागार में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एकता वर्मा ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान संचारी रोग नियंत्रण, नियमित टीकाकरण, यक्ष्मा उन्मूलन, एनीमिया नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी) सहित स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्रों की संरचनात्मक स्थिति, बिजली एवं पेयजल की उपलब्धता, निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की प्रगति तथा पदस्थापित मानव संसाधन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में आगामी 28 जून से 30 जून तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रखंड प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि निर्धारित आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। बैठक में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम घोषाल, डॉ. रवि सिंह, स्वास्थ्यकर्मी तारकेश्वर महतो, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि चंदन कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।