दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष गेडिया एवं मेझिया में शुक्रवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. नवाज ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए केंद्र परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। डॉ. नवाज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हम पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े कर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने भी पौधरोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित लोगों को पौधों की देखभाल करने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया। वही डॉ. नवाज ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।