महाशिवरात्रि पर औसानी गांव के शिव-पार्वती मंदिर में 24 घंटे का अष्टयाम, 108 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा
बगहा /मोहम्मद इम्तियाज: बगहा दो प्रखंड अंतर्गत औसानी गांव स्थित शिव-पार्वती मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 24 घंटे के अष्टयाम का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम की शुरुआत 108 कुंवारी कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। मंगलपुर दुर्गा स्थान के समीप गंडक नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं ने पवित्र जल से कलश भरा और सिर पर धारण कर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली।
कलश यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र आलोकित हो उठा है।
अष्टयाम के तहत 24 घंटे अखंड राम-नाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्रामीणों और युवाओं की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। पूरे आयोजन में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
Raftaar Media | सच के साथ