जिला अस्पताल बस्ती। धर्मेन्द द्विवेदी: शनिवार को वर्ल्ड क्लबफुट डे के अवसर पर जिला अस्पताल बस्ती के सभागार में क्लबफुट से प्रभावित परिवारों के साथ संवाद आयोजित किया गया, ताकि बच्चों में इस स्थिति की समय पर पहचान और शीघ्र उपचार के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस अवसर पर प्रमुख अधीक्षक डा खालिद रिजवान ने कहा:
विश्व क्लबफुट दिवस लोगों को जागरूक करने और परिवारों को समय पर उपचार लेने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। स्वास्थ्य विभाग, फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं के निरंतर प्रयासों से जिला अस्पताल में क्लबफुट से प्रभावित बच्चों को सहयोग मिल रहा है जिसकी मदद से वे चल, दौड़ और सामान्य जीवन जी सकें।
आर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ अनिल प्रजापति ने बताया कि क्लबफुट एक जन्मजात स्थिति है, जिसमें बच्चे के पैर जन्म के समय अंदर की ओर मुड़े होते हैं। यह लगभग हर 800 नवजात शिशुओं में से 1 को प्रभावित करता है। समय पर उपचार मिलने पर क्लबफुट वाले बच्चे सामान्य और सक्रिय जीवन जी सकते हैं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जो कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की एक पहल है, के अंतर्गत क्लबफुट से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए भेजा जाता है।
*जिला स्तरीय प्रगति*
जिले मे वर्तमान में 228 बच्चे क्लबफुट का उपचार प्राप्त कर रहे हैं।
243 बच्चों का कार्यक्रम शुरू होने से अब तक पंजीकरण किया गया,44 बच्चों ने सफलतापूर्वक उपचार पूरा किया
900 आशा कार्यकर्ताओं को पहचान और रेफरल हेतु संवेदनशील बनाया गया
आशा और एएनएम सहित फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ता बच्चों की शुरुआती पहचान करने और उन्हें समय पर उपचार केंद्र तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माता-पिता की नियमित काउंसलिंग भी की जाती है ताकि उपचार और फॉलो-अप लगातार जारी रहे।
अनुष्का फाउंडेशन फॉर एलिमिनेटिंग क्लबफूट के सहयोग से जिला अस्पतालों को प्रशिक्षित डॉक्टरों, आवश्यक उपकरणों और व्यवस्थित फॉलो-अप प्रणाली के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाएँ प्रदान करने के लिए मजबूत किया जा रहा है।
इस दौरान डॉ आलोक कुमार पाण्डेय,डॉ वी के वर्मा,डॉ राम प्रकाश,डॉ महेश प्रसाद,डॉ अनुज यादव, डॉ विजय प्रकाश चौधरी, डॉ विनोद कुमार,अनिल कुमार मिश्र,देवदत्त गुप्ता सहित स्टाफ और क्लबफुट प्रभावित बच्चे और उनके अभिवाहक उपस्थित रहे