सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड परिसर में बुधवार को कथित विवाहेतर संबंध के आरोप को लेकर करीब एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। परिसर में मौजूद लोगों की भारी भीड़ इस पूरे घटनाक्रम की गवाह बनी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ कथित अवैध संबंध रखने का आरोप लगाते हुए बीच परिसर में जमकर हंगामा किया। महिला का दावा था कि उसने अपने पति को दूसरी महिला के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि विवाद बढ़ते ही दूसरी महिला मौके से फरार हो गई।हंगामे के दौरान पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ देर के लिए हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच महिला ने पति की स्कूटी की डिक्की खुलवाई।उसका आरोप है कि डिक्की से जींस, सिंदूर, बिंदी समेत अन्य उपहार मिले, जिन्हें वह दूसरी महिला के लिए लाया था।महिला ने मौके पर अपने पति और दूसरी महिला का नाम भी सार्वजनिक रूप से बताया और दोनों पर गंभीर आरोप लगाए। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और काफी देर तक तमाशबीन बने रहे।हालांकि, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं है। साथ ही, पति या दूसरी महिला की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि किसी पक्ष द्वारा शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।