विभूति सिंह/भागलपुर।जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत ममलखा उच्च विद्यालय में जिला प्रशासन,भागलपुर द्वारा आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग सह सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के माननीय मंत्री एवं भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री श्री नीतीश मिश्रा शामिल हुए।कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री अजय मंडल, नाथनगर के माननीय विधायक श्री मिथुन कुमार, जिला विकास क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति के उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंह तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त श्री किसलय कुशवाहा, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।सहयोग शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रभारी मंत्री जिले का अभिभावक होता है तथा जिला प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और सरकार के बीच सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जन शिकायत निवारण की दिशा में सरकार एक प्रभावी कदम उठा रही है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार की जनता ने माननीय श्री नीतीश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसके बाद राज्य में विकास की नई शुरुआत हुई और आज जो बेटियों के चेहरे पर आत्मविश्वास दिखाई देता है वह उसी का परिणाम है। वे उसी समय से सरकार में शामिल रहे हैं और पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए बदलाव को उन्होंने स्वयं देखा है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब जन शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। यदि किसी आवेदन का निष्पादन 10 दिनों के अंदर नहीं होता है तो संबंधित पदाधिकारी को ऑनलाइन चेतावनी मिलेगी। 20 दिनों के बाद दूसरी चेतावनी, 25 दिनों के बाद अंतिम चेतावनी जारी की जाएगी तथा 30 दिनों तक आवेदन लंबित रहने पर 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे अब किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित रखना संभव नहीं होगा।उन्होंने कहा कि सरकार जन शिकायतों के प्रति कितनी संवेदनशील है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्वयं माननीय मुख्यमंत्री जी आज सोनपुर में आयोजित सहयोग शिविर में आम लोगों के बीच उपस्थित हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय मंडल एवं विधायक मिथुन कुमार ने कहा कि सरकार जन समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह गंभीर है तथा सहयोग शिविर आम लोगों के लिए एक प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है।जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सहयोग शिविर से संबंधित लिंक NIC के पोर्टल पर उपलब्ध है, जहां से आम नागरिक यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि किस तिथि को किस पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। आज भागलपुर के 38 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित की गई है।उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के लिए निर्धारित तिथि से 15 दिन पूर्व प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी संबंधित पंचायत में पहुंचकर आवेदन प्राप्त करेंगे तथा उन्हें प्रखंड कार्यालय में जमा करेंगे। उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। आम नागरिक स्वयं भी सहयोग पोर्टल पर आवेदन अपलोड कर सकते हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव होगा, उनका निष्पादन तत्काल किया जाएगा। वहीं, न्यायालय के मामलों के लिए सुझाव दिया जाएगा कि वे वहां जाएं। राज्य स्तर से संबंधित मामलों को नियमानुसार संबंधित विभाग एवं वरीय पदाधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ वैसे मामले भी हो सकते हैं जिनके लिए कोई प्रावधान नहीं हो, ऐसे मामले को संबंधित विभाग या सरकार स्तर पर भेजा जाएगा।कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने गोराडीह प्रखंड के तरछा दामूचक पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों में भी भाग लिया।