मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी

नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (Aspirational Blocks Programme-ABP) के तहत चयनित पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया एवं कल्याणपुर प्रखंड की प्रगति की गहन समीक्षात्मक बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री नीरज कुमार, आईआरएस (आईटी), केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी-सह-निदेशक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली ने की।

बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास जैसे पांच प्रमुख थीम के अंतर्गत निर्धारित 40 संकेतकों की विस्तार से समीक्षा की गई। इनमें स्वास्थ्य के 7, पोषण के 7, शिक्षा के 11, कृषि एवं संबद्ध सेवाओं के 5, आधारभूत संरचना के 5 तथा सामाजिक विकास के 5 संकेतक शामिल थे।

समीक्षा के दौरान संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को सभी संकेतकों से संबंधित आंकड़ों की समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा जिन संकेतकों का प्रदर्शन राज्य एवं राष्ट्रीय औसत से कम है, उनमें विशेष प्रयास कर सुधार लाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा केसरिया एवं कल्याणपुर प्रखंड के प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने केसरिया एवं कल्याणपुर प्रखंड का दौरा कर आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यों का जायजा लिया तथा पाई गई समस्याओं के त्वरित समाधान और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।