बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
सरायकेला-खरसावां जिले की तिरुलडीह थाना पुलिस ने गैस गोदाम से गैस सिलेंडर चोरी के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के 64 एलपीजी गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक पल्सर मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का खुलासा मंगलवार को चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस वार्ता में किया।
एसडीपीओ ने बताया कि 27 जुलाई को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सापादा स्थित सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक के गोदाम से 56 गैस सिलेंडर चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल में तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, सब इंस्पेक्टर कार्तिकेय सिंह, सहायक सब इंस्पेक्टर हरदेव पासवान, बीरोलाल मुर्मू, हवलदार दिलीप लोहरा, पिथो मुर्मू समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने जमशेदपुर निवासी सदाब आलम उर्फ बटर, बाबू गोराई तथा मनीष कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मानगो थाना क्षेत्र के टैंक रोड एवं दाईगुटु इलाके में छापेमारी की गई, जहां से चोरी के 64 गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, अपाचे मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता और चोरी के सिलेंडरों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।