अयोध्या कि गोसाईगंज विधानसभा की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसी बीच वरिष्ठ भाजपा नेता एवं गोसाईगंज विधानसभा से संभावित दावेदार सर्वेश कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला और कई राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि गोसाईगंज की जनता उनके वर्षों से किए गए सामाजिक कार्यों को देखते हुए उन्हें चुनाव मैदान में देखना चाहती है, लेकिन उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराए कुछ लोग समाज में भ्रम और अफवाह फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
वही सर्वेश वर्मा ने कहा, “कुछ लोग यह प्रचारित कर रहे हैं कि कुर्मी समाज डरता है, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि कुर्मी समाज डरने वाला नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और स्वाभिमान से इतिहास रचने वाला समाज है। हम लोग केवल बातें नहीं करते, बल्कि जमीन पर काम करके दिखाते हैं। जनता के अधिकारों के लिए हमने हमेशा आवाज उठाई है और आगे भी उठाते रहेंगे।”उन्होंने दावा किया कि जैसे ही क्षेत्र की जनता ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए आगे बढ़ाया, राजनीतिक विरोधियों की बेचैनी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि जनता का बढ़ता समर्थन कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है, इसलिए वे अनर्गल बयानबाजी और अफवाहों का सहारा ले रहे हैं।
*पीडीए पर साधा निशाना, बोले— “यह सिर्फ राजनीतिक छलावा है”* समाजवादी पार्टी के चर्चित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले पर तीखा प्रहार करते हुए सर्वेश वर्मा ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक नारा है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “जब समाजवादी पार्टी सत्ता में थी, तब असली ताकत किन लोगों के हाथ में थी? क्या पिछड़ा, दलित और कुर्मी समाज निर्णय लेने की स्थिति में था? इतिहास गवाह है कि सपा की राजनीति हमेशा एक परिवार और कुछ चुनिंदा लोगों के इर्द-गिर्द घूमती रही है। पीडीए सिर्फ वोट लेने का माध्यम है, सम्मान और भागीदारी देने का नहीं।”उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा पिछड़े और दलित समाज का केवल राजनीतिक उपयोग किया, लेकिन उन्हें वास्तविक नेतृत्व और सम्मान देने से बचती रही।
*सपा नेता अभिषेक मिश्रा पर सीधा हमला*
सपा नेता अभिषेक मिश्रा का नाम लिए बिना सर्वेश वर्मा ने कहा कि कुछ नेता चुनाव आते ही एसी कमरों से निकलकर किसानों और पिछड़ों के हितैषी बनने का नाटक शुरू कर देते हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जो लोग खेत-खलिहान की मिट्टी से कभी नहीं जुड़े, उन्हें शायद यह भी नहीं पता होगा कि धान और गेहूं की फसल किस मौसम में बोई जाती है। लेकिन चुनाव आते ही वे किसानों के सबसे बड़े शुभचिंतक बनने लगते हैं। जनता अब ऐसे दिखावटी नेताओं की राजनीति को समझ चुकी है।”उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दे पर विपक्ष पूरी तरह विफल है और उसके पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि या विजन नहीं है।
*“अब किसी के बहकावे में नहीं आएगा स्वाभिमानी समाज”*
भाजपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश का पिछड़ा, दलित और स्वाभिमानी कुर्मी समाज अब राजनीतिक छलावे का शिकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह समाज मेहनत, ईमानदारी और विकास की राजनीति में विश्वास करता है।
सर्वेश वर्मा ने कहा, “हमारा समाज किसी की भीड़ बढ़ाने के लिए नहीं बना है। हम अपनी मेहनत और कर्मठता से समाज को आगे ले जाने में विश्वास रखते हैं। आज का मतदाता जागरूक है और वह जातीय नारों से नहीं, बल्कि काम और विकास से प्रभावित होता है।”
*2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा संदेश*
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी चुनाव छोटा नहीं होता और हर सीट का अपना महत्व होता है। उन्होंने स्वयं को भाजपा का अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा और ताकत के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं भारतीय जनता पार्टी का एक समर्पित सिपाही हूं। संगठन ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया है। आगे भी शीर्ष नेतृत्व का जो आदेश होगा, उसका पूरी प्रतिबद्धता के साथ पालन करूंगा। मेरा लक्ष्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास है।”
*“जनता का आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत”*
प्रेस वार्ता के अंत में सर्वेश वर्मा ने कहा कि उन्हें गोसाईगंज की जनता पर पूरा भरोसा है। जनता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और जनता का आशीर्वाद ही उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास, संगठन और जनता के भरोसे के दम पर भाजपा आने वाले चुनावों में भी मजबूती से आगे बढ़ेगी।