रफ़्तार संवाददाता अभिषेक गुप्ता मांडर। मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत करगे गांव में 6 जून को घटित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान करगे गांव निवासी 21 वर्षीय संदीप उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर मांडर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।