शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस शुभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सिकंदर प्रसाद सिंह ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में प्राचार्य ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की कुर्बानी को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दौरान एन.एस.एस. प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अनुराधा ने ओजस्वी कविता पाठ और देशभक्ति नारों के माध्यम से अमर शहीदों को नमन किया। इसके साथ ही 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे एन.एस.एस. के "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम की कड़ी में स्वतंत्रता संग्राम और वीर शहीदों की गाथाओं पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को डॉ. अनुराधा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
इस गरिमामय आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिवार के सपन दान, प्रवीण सिन्हा, मनोज सिंह, छोटू सिंह, प्रभु नाथ हांसदा, नईम अंसारी, संतोष गुप्ता, दीपक पाल, सुमित सिंह, कैरोलीना मरांडी और रोजमेरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। वहीं छात्र-छात्राओं में उर्मिला सोरेन, शांति किस्कु, लक्ष्मण राय और पीटर किस्कू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।