दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ
फर्रुखाबाद, 12 जुलाई। साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के धन के अवैध लेन-देन और फर्जी ट्रांसपोर्ट बुकिंग के जरिए लोगों से ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक और नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार साइबर थाना टीम ने म्यूल (Mule) बैंक खातों की गहन जांच और सत्यापन के दौरान थाना कादरी गेट क्षेत्र के ग्राम सातनपुर पट्टी निवासी अभय श्रीवास्तव उर्फ नीलू पुत्र निवेन्द्र श्रीवास्तव, अनमोल पुत्र विपिन कुमार शाक्य तथा अंकित शाक्य पुत्र सुभाष चंद्र शाक्य की पहचान की। जांच में सामने आया कि ये लोग साइबर अपराधियों द्वारा ठगी से प्राप्त धनराशि को अपने बैंक खातों में प्राप्त कर उसका अवैध लेन-देन कर रहे थे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने इनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं एक अन्य कार्रवाई में साइबर थाना पुलिस ने थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम भुसेरा निवासी सुरजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस को यह सफलता प्रतिबिम्ब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की जांच के दौरान मिली।
तलाशी के दौरान सुरजीत सिंह के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 डेबिट कार्ड, 10 मोबाइल सिम, 2 बैंक पासबुक तथा 1,350 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी नक्षत्र पाल सिंह निवासी जनपद हरदोई के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को झांसा देता था। दोनों फर्जी ट्रांसपोर्ट बुकिंग कराकर लोगों से धनराशि ठगते थे और साइबर अपराध को अंजाम देते थे।
साइबर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश एवं साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की जांच भी तेज कर दी गई है।