दीपचंद्र दीक्षित, संवाददाता
फर्रुखाबाद। जनपद के मोहम्मदाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत जाजपुर गोवा निवासी एक महिला ने सामुदायिक शौचालय में वर्षों तक सफाई कार्य करने के बावजूद मानदेय न मिलने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की लापरवाही व मिलीभगत के कारण उसे पांच वर्षों का मानदेय नहीं मिल सका।
पीड़िता रानी देवी पत्नी राकेश सिंह ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से ग्राम पंचायत के सामुदायिक शौचालय में नियमित रूप से साफ-सफाई का कार्य कर रही हैं। इस दौरान उन्हें केवल तीन माह का मानदेय दिया गया, जबकि शेष भुगतान आज तक नहीं किया गया। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान संध्या यादव और पंचायत सचिव अवधेश बाथम लगातार आश्वासन देकर मामला टालते रहे।
रानी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने दूसरी महिला को प्रतिदिन 300 रुपये की दर से कार्य पर रख लिया, जबकि उनका बकाया मानदेय अब तक नहीं दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, इस संबंध में ग्राम प्रधान संध्या यादव का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।