सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने क्षेत्र में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट को लेकर सख्त कदम उठाया है। उन्होंने महाप्रबंधक के नाम स्कूटीप इंजीनियर को विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए तत्काल हस्तक्षेप और कठोर कार्रवाई की मांग की। अध्यक्ष ने कहा कि बिना पूर्व सूचना दिन में कई बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीते एक सप्ताह से बिजली बाधित रहने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप है और हजारों परिवार भीषण पेयजल संकट झेल रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि पीएसएस ऑपरेटर और लाइनमैन की मनमानी चरम पर है। बिना तय योजना शटडाउन लेकर पूरे शहर की बिजली काट दी जाती है, जिससे जनता में आक्रोश है और विभाग को राजस्व नुकसान हो रहा है। मरम्मत कार्यों में लापरवाही, लाइन ट्रिपिंग, तार टूटने और वोल्टेज की समस्या वर्षों से बनी हुई है। मुख्य लाइन नदी, खेत और जंगल से गुजरने के कारण फॉल्ट के समय विशेषकर रात में मरम्मत कठिन हो जाती है।अध्यक्ष ने बताया कि पूरा टाउन एक ही फीडर पर निर्भर है, जिससे छोटी खराबी में करीब 5000 परिवार प्रभावित हो जाते हैं। अलग फीडर, एबी स्विच और पीएसएस स्टेशन में ब्रेकर लगाने की मांग वर्षों से लंबित है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र सुधार और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जन आक्रोश की जिम्मेदारी विभाग की होगी।