दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद। शहर के घेर शामू खां स्थित गौसिया मस्जिद के पास मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नवीन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेंट हाउस फार्म में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और फार्म में रखा इलेक्ट्रॉनिक व टेंट हाउस का सामान उसकी चपेट में आ गया। घटना के दौरान इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और फार्म में रखा सामान तेजी से जलता रहा। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

फार्म संचालक मेराज हुसैन ने बताया कि आग की इस घटना में डीजे स्पीकर, साउंड सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा टेंट हाउस का अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। पीड़ित का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद दमकल टीम सातनपुर मंडी से वापस लौट गई और मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी लेने के बाद लौट गई। मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को भी दे दी गई है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावह लपटें और जलता हुआ सामान स्पष्ट दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दमकल व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

मेराज हुसैन ने प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा घटना की निष्पक्ष और गंभीर जांच कराए जाने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस एवं संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर दमकल की मदद मिलती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।