दिनबंधु राउत /  जामताड़ा :झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जामताड़ा जिले में बड़े स्तर पर अधिकारियों की नियुक्ति की है। इस क्रम में खूंटी जिले के उप विकास आयुक्त आलोक कुमार को जामताड़ा का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, पुलिस प्रशासन में भी बदलाव करते हुए बोकारो जिले में झारखंड सशस्त्र पुलिस-04 के समादेष्टा के रूप में कार्यरत शंभू कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें जामताड़ा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनके आने से जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दोनों अधिकारियों की नियुक्ति को जिले के लिए अहम माना जा रहा है। जामताड़ा जो साइबर अपराधों के लिए चर्चा में रहता है, वहां प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से जिले में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी सुधार की संभावना है। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक महकमे में इन नियुक्तियों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है। अब सभी की नजर नए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली पर टिकी है, जिससे जिले के विकास और सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिल सके।