झारखंड सरकार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में बड़ा बदलाव करने जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद राज्य की करीब 51 लाख लाभार्थी महिलाओं को हर महीने ₹2500 की सम्मान राशि के लिए अलग-अलग तारीखों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार एक तय दिन पर सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि भेजने की तैयारी कर रही है।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग योजना की भुगतान प्रक्रिया को और आसान, तेज व पारदर्शी बनाने में जुटा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अब हर महीने ‘मंईयां सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इसी दिन पूरे राज्य की सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में एक साथ सम्मान राशि ट्रांसफर की जाएगी।
फिलहाल योजना की राशि पहले जिला स्तर पर भेजी जाती है और उसके बाद लाभार्थियों के खातों में पहुंचती है। इस प्रक्रिया के कारण अलग-अलग जिलों में भुगतान की तारीखें अलग होती हैं, जिससे कई महिलाओं को अधिक इंतजार करना पड़ता है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद भुगतान सीधे राज्य स्तर से डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के खातों में होगा। इसके लिए जैप-आईटी की मदद से नया पोर्टल भी तैयार किया गया है। सरकार की कोशिश है कि अक्टूबर 2026 से इस नई प्रणाली की शुरुआत कर दी जाए।
इस बीच सरकार ने अप्रैल, मई और जून की तीन माह की किस्त भी अधिकांश जिलों की महिलाओं के खातों में भेज दी है। लाभार्थियों को एकमुश्त 7,500 रुपये की राशि मिली है। जिन जिलों में भुगतान अभी लंबित है, वहां भी जल्द राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था से भुगतान में देरी खत्म होगी और सभी महिलाओं को एक ही दिन सम्मान राशि मिलने से पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ेंगी।