ओम प्रकाश तिवारी 
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला स्कूल व एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, परीक्षा संचालन व्यवस्था का लिया जायजा।
मोतिहारी।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) पद पर नियुक्ति के लिए आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को पूर्वी चंपारण जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला स्कूल और एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर परीक्षा संचालन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा कार्य में लगे दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना या कदाचार की सूचना प्राप्त नहीं हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में लगे सभी पदाधिकारियों, पुलिस बल एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।