जितेंद्र कुमार दास
तोपचांची प्रखंड के दुमदुमी पंचायत के प्रतिभाशाली छात्र दोलत कुमार महतो को इंटर कला संकाय में धनबाद जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर डुमरी विधायक जयराम महतो ने सम्मानित किया। इस अवसर पर जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष मोतीलाल महतो, प्रखंड अध्यक्ष संतोष महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
दोलत कुमार महतो ने इंटर कला परीक्षा में 448 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विधायक जयराम महतो ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि तोपचांची क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कोई कमी नहीं है। यहां के होनहार बच्चे भविष्य में आईएएस, आईपीएस सहित विभिन्न उच्च पदों पर पहुंचकर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने दौलत कुमार महतो के सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों और कोचिंग संस्थानों को देते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन के कारण ही तोपचांची जैसे सुदूर क्षेत्र के बच्चे धनबाद जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
विधायक ने दौलत कुमार महतो को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी पढ़ाई के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर वे उनके साथ खड़े रहेंगे और हर संभव मदद करेंगे।