सौरभ राय/ रांची : झारखंड में मानसून दस्तक देने वाली है जिसको लेकर मौसम विभाग ने भी सूचना जारी की है इसी क्रम में रांची नगर निगम द्वारा शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए तैयारी प्रारंभ कर दी गई  है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों और बड़े नालों की व्यापक सफाई कराई जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को उप महापौर नीरज कुमार ने शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे नाला सफाई एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

*उप महापौर ने विभिन्न क्षेत्रों का किया निरक्षण*
बता दें,निरीक्षण के दौरान उप महापौर ने वार्ड संख्या 12 के गौस नगर, वार्ड 06 के बांधगाड़ी, वार्ड 32 के पंचशील नगर तथा वार्ड 25 के साकेत बिहार क्षेत्र में साफ सफाई और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने वार्ड 23 में गुरुनानक स्कूल के समीप तथा वार्ड 24 स्थित नाला रोड, हिंदपीढ़ी में निर्माणाधीन बड़े नाले के कार्यों का भी निरीक्षण किया।

*अधिकारियों को दिया दिशा निर्देश* 
निरीक्षण के दौरान उप महापौर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मॉनसून शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालियों एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों की सफाई हर हाल में युद्धस्तर पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान आम लोगों को जलभराव, गंदगी और आवागमन की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए निगम प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।

*रांची नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को मिले बेहतर सुविधा- नीरज कुमार*
मौके पर रांची के उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि रांची नगर निगम शहरवासियों को बेहतर  सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बरसात के मौसम में जल निकासी व्यवस्था सुचारू रहे, इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने निर्माणाधीन नालों के कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया।

*बरसात से पूर्व बरसात से पहले सभी नालियों की उच्चस्तरीय सफाई सुनिश्चित की जाए*
वहीं, उपमहापौर ने नगर निगम की स्वच्छता शाखा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात से पहले सभी नालियों की उच्चस्तरीय सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए संवेदनशील एवं खुले नालों के पास बैरिकेडिंग लगाने तथा खुले नालों को स्लैब से ढकने की व्यवस्था भी जल्द पूरी की जाए।निरीक्षण के दौरान वार्ड 12 के पार्षद कुलभूषण डुंगडुंग, वार्ड 23 की पार्षद फराह नाज़, वार्ड 24 के पार्षद विजय कच्छप, वार्ड 25 की पार्षद सुषमा राज समेत नगर निगम के अभियंता एवं स्वच्छता शाखा के पदाधिकारी उपस्थित थे।