सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: झारखंड अलग राज्य आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर रांची जिला प्रशासन की ओर से आगामी 4 अगस्त को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। बता दे,यह शिविर पूर्वाह्न 11 बजे से समाहरणालय के ब्लॉक ए, प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या 108 में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य स्वर्गीय शिबू सोरेन के जनसेवा और मानवता के प्रति समर्पित जीवन को याद करते हुए समाज सेवा का संदेश देना है।
रांची उपायुक्त की अपील रक्तदान कर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अर्पित करे श्रद्धांजलि
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय स्थित सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों से रक्तदान शिविर में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को स्वयं रक्तदान करना चाहिए एवं अपने अधीनस्थ कर्मियों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान के समान है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब अधिक से अधिक लोग रक्तदान करेंगे।
रक्तदान के माध्यम से दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक- मंजूनाथ भजंत्री
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, गरीब और आदिवासी समुदायों के अधिकार, सम्मान और कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे मानवीय कार्य के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।