बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़:चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिलगु कॉलोनी में भीषण गर्मी और लगातार बिगड़ी बिजली व्यवस्था से परेशान लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिलने जा रही है। पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप थी। 41 डिग्री तापमान और उमस भरे मौसम में लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। ऐसे समय में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं स्थानीय समाजसेवी हरे लाल महतो की पहल पर क्षेत्र में 200 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पहले से लगा 100 KVA का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद विभाग द्वारा दोबारा 100 KVA का ही ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन बढ़ते लोड के कारण वह भी कुछ ही दिनों में जल गया। लगातार बिजली बाधित रहने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को इस भीषण गर्मी में काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और बिजली उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए 100 KVA ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं था। लोगों ने लंबे समय से 200 KVA क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए हरे लाल महतो ने बिजली विभाग से लगातार संपर्क कर नया 200 KVA ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन उसे स्थापित करने के लिए आवश्यक पक्का आधार नहीं होने के कारण काम अटक गया था। इसके बाद हरे लाल महतो ने एक बार फिर पहल करते हुए निजी खर्च से ट्रांसफार्मर के लिए पक्का चबूतरा निर्माण कार्य शुरू करवाया। अब ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही नियमित बिजली आपूर्ति बहाल होगी और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।