चिरैया (मोतिहारी)। बिहार में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बैनर तले चिरैया विधानसभा क्षेत्र में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चिरैया के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव ने किया। धरने में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।
धरना को संबोधित करते हुए लक्ष्मी नारायण यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
पूर्व विधायक ने कहा कि बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और विकास कार्यों में अनियमितताएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि आज जो लोग लाल गमछे और सामाजिक न्याय की राजनीति पर सवाल उठा रहे हैं, उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि भी उसी विचारधारा से जुड़ी रही है। इस दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी को लेकर विवादित बयान भी दिया, जिसकी चर्चा कार्यक्रम स्थल पर होती रही।
धरना के अंत में राजद नेताओं ने महंगाई, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आम जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की।