मोतिहारी। भारत की जनगणना-2027 के तहत पूर्वी चंपारण जिले में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का केंद्रीय स्तर पर औचक निरीक्षण किया गया। जनगणना निदेशालय पटना के उपनिदेशक मोहन राजखोवा एवं जिला नोडल अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और आंकड़ों की शुद्धता की जांच की।

निरीक्षण के दौरान सुगौली चार्ज अंतर्गत विभिन्न पर्यवेक्षकीय सर्किलों में प्रगणकों द्वारा एकत्रित आंकड़ों का परिवारों से मिलान कर सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने रैंडम जांच के माध्यम से यह सुनिश्चित किया कि प्रगणकों द्वारा मोबाइल ऐप पर दर्ज की गई जानकारी वास्तविक तथ्यों के अनुरूप है। परिवार के मुखियाओं ने भी उपलब्ध कराए गए आंकड़ों की सत्यता की पुष्टि की।

इसी क्रम में रामगढ़वा चार्ज के अंतर्गत विभिन्न एचएलबी क्षेत्रों में मकान सूचीकरण और गणना कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवनों, जनगणना मकानों और सामान्य परिवारों से संबंधित आंकड़ों की जांच कर संतोष व्यक्त किया तथा बेहतर कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सराहना की।

उपनिदेशक मोहन राजखोवा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ किया जाए तथा किसी भी प्रकार के गलत सांख्यिकीय आंकड़े स्वीकार्य नहीं होंगे। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान मोबाइल एप के माध्यम से रियल टाइम डाटा एंट्री पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें जनगणना जैसे राष्ट्रव्यापी महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग देने की अपील की।

मौके पर राज्य नोडल अधिकारी आदित्य कुमार, राज्य पर्यवेक्षक हेमंत कुमार एवं रामध्यान सिंह, जिला मास्टर ट्रेनर रमेश कुमार और राजीव कुमार सिंह सहित जिला जनगणना कोषांग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।