दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद कम्पिल। थाना क्षेत्र के हरकरनपुर गांव में मंगलवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक घर में दीवार काटकर घुसे चोर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए। वहीं, गांव के ही एक अन्य मकान में भी सेंध लगाने का प्रयास किया गया। एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित नीलेश राजपूत ने बताया कि उन्होंने भैंस खरीदने के लिए मंगलवार को बैंक से एक लाख रुपये निकाले थे और घर में रखे थे। रात में परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हो गए।
चोर घर में रखे बक्सों और सूटकेसों के ताले तोड़कर उनमें रखी एक लाख रुपये की नकदी, सोने के चार कंगन, एक हार, एक जंजीर, एक जोड़ी झुमकी, दो अंगूठियां, चांदी की एक जोड़ी पायल, कमरबंद समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह तब हुई, जब नीलेश की बेटी सोनी स्कूल जाने के लिए कमरे में पहुंची। अंदर सामान बिखरा देख उसने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पड़ताल के दौरान पता चला कि चोरों ने उसी रात गांव निवासी रमेश पुत्र रामभजन के मकान में भी सेंध लगाने की कोशिश की थी, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।