फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम, 26 जून। गुरुग्राम के एमएलए मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम से जुड़ी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं एवं जनसुविधाओं को लेकर शुक्रवार को रेलवे मंत्रालय के अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखे गए विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारने की दिशा में मंथन किया गया। बैठक के दौरान राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास अथवा फुटओवर ब्रिज के निर्माण, भीमगढ़ खेड़ी स्थित श्मशान घाट तक सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था तथा दौलताबाद ओवरब्रिज के नीचे अंडरपास निर्माण जैसे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

एमएलए मुकेश शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि इन मांगों को हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से रखा गया था, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया था। उसी क्रम में आज तकनीकी पहलुओं, परियोजनाओं की व्यवहार्यता तथा आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से समीक्षा की गई, ताकि इन कार्यों को जल्द से जल्द आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने कहा कि राजेंद्रा पार्क, सूरत नगर एवं आसपास के लाखों नागरिक वर्षों से सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पैदल यात्रियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, छोटे वाहनों एवं क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु होगी। एमएलए मुकेश शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के सहयोग से गुरुग्राम की इन महत्वपूर्ण जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।