दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा की अध्यक्षता में कृषि, उद्यान, आत्मा एवं भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप विकास कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वार्षिक कृषि योजना, बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य जांच, समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला, फसल सुरक्षा कार्यक्रम, अम्लीय मृदा सुधार तथा उर्वरक की उपलब्धता सहित अन्य योजनाओं पर चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खरीफ मौसम को देखते हुए किसानों के बीच समय पर बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक का वितरण सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की निर्धारित मूल्य पर बिक्री की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही पात्र लाभुकों का चयन विभागीय दिशा-निर्देश के अनुरूप करने को कहा। उद्यान विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा की गई और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं भूमि संरक्षण विभाग की ओर से संचालित तालाब जीर्णोद्धार, पंपसेट वितरण, डीप बोरिंग, परकोलेशन टैंक, ट्रैक्टर सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी सहित कृषि, उद्यान, आत्मा एवं भूमि संरक्षण विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।