दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:आसमान से बरस रही आग और बढ़ती उमस के बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने रूपनारायणपुर थाना क्षेत्र के जलटंकी इलाके में शरबत वितरण शिविर लगाकर राहगीरों को राहत पहुंचाई गई। तपती गर्मी में यह पहल स्थानीय लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों राहगीरों, बाजार आए लोगों, वाहन चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और स्थानीय निवासियों को ठंडा-मीठा शरबत पिलाया गया। कड़ी धूप और पसीने से लथपथ लोगों ने शरबत पीकर राहत की सांस ली और आयोजकों की खुलकर सराहना की। कई लोगों ने इसे गर्मी में जीवनदान बताया। आयोजकों ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आमजन को लू से बचाने और थोड़ी राहत देने के उद्देश्य से यह सामाजिक पहल शुरू की गई। उनका कहना था कि भाजपा का सिद्धांत ही सेवा ही संगठन है और ऐसे समय में जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ा धर्म है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल एक दिन का आयोजन नहीं है। समाजसेवा उनकी प्राथमिकता है और भीषण गर्मी के पूरे मौसम में जरूरतमंद लोगों के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार चलते रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि वे दिन में धूप से बचें, खूब पानी पिएं और सतर्क रहें। स्थानीय लोगों ने इस पहल को मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया। जलटंकी के दुकानदारों और राहगीरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर की गई ऐसी सेवा ही असली जनसेवा है।