विभूति सिंह/भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा विक्रमशिला सेतु के समीप निर्माणाधीन बेली ब्रिज एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मीडिया को बताया कि पुल का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा अंतिम चरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी अभियंता एवं सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम युद्धस्तर पर कार्य कर रही है ताकि शेष छोटे-मोटे तकनीकी एवं संरचनात्मक कार्यों को समय रहते पूरा किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि संध्या में पुल का अंतिम ट्रायल किया जाएगा तथा ट्रायल के दौरान प्राप्त होने वाले सुझावों एवं आवश्यक सुधारों को तत्काल पूरा किया जाएगा। इसके उपरांत पुल को आमजन के सुरक्षित आवागमन हेतु समर्पित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने पुल के समीप स्थापित पुलिस पिकेट एवं नियंत्रण कक्ष संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह व्यवस्था सुरक्षा एवं निगरानी की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यहां तैनात कर्मियों को विभिन्न मौसम परिस्थितियों में कार्य करना होगा, इसलिए उनके लिए आवश्यक सुविधाओं से युक्त पिकेट का निर्माण कराया गया है।उन्होंने कहा कि पिकेट को हीट लैमिनेटेड बनाया गया है तथा कर्मियों की सुविधा के लिए पंखा,पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे सुचारु रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि पुल के शुरू होने के बाद आम लोगों में उत्साह का वातावरण रहेगा तथा जब लोग स्वयं इस पुल से आवागमन करेंगे तो उनमें सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति आत्मविश्वास और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था क्षेत्र के लोगों को निर्बाध एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।