रफ़्तार मिडिया हजारीबाग /सुमन सिन्हा
हजारीबाग में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया गया और लोगों से भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने अखाड़ा समितियों और जुलूस आयोजकों को निर्देश देते हुए कहा कि चलंत डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा पर्व के दौरान लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने बंदूक जैसी दिखने वाली खिलौना गनों को भी जुलूस और सार्वजनिक स्थलों से दूर रखने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति या अप्रिय घटना उत्पन्न न हो। प्रशासन का संदेश साफ है कि मोहर्रम आस्था और परंपरा का पर्व है, जिसे शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाया जाए।
मोहर्रम को लेकर हजारीबाग प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीसी और एसपी ने अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन ने डीजे, हथियार और खिलौना गन के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
बाइट: हेमंत सती, उपायुक्त, हजारीबाग