दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को प्रखंड परिसर में बिरसा हरित आम बागवानी योजना के अंतर्गत भव्य आम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम उत्पादक किसानों को बाजार उपलब्ध कराना, बागवानी को बढ़ावा देना तथा किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना था। महोत्सव का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख लुखीमुनी सोरेन, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अबिश्वर मुर्मू, जिला परियोजना पदाधिकारी पूनम कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की बिरसा हरित आम बागवानी योजना किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आम महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बागवानी लाभुकों ने अपने बगीचों में उत्पादित विभिन्न किस्मों के आमों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। विशेष आकर्षण के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी के आवासीय परिसर स्थित आम बागान के आम भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया। महोत्सव में जामताड़ा प्रखंड की सभी पंचायतों से जुड़े बागवानी लाभुक अपने-अपने बगीचों के ताजे एवं गुणवत्तापूर्ण आम लेकर पहुंचे। किसानों ने आम की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया, जिससे खरीदारों को स्थानीय स्तर पर उत्पादित फलों की गुणवत्ता देखने और खरीदने का अवसर मिला। कार्यक्रम में आम की बिक्री के साथ-साथ किसानों और खरीदारों के बीच सीधे संवाद की भी व्यवस्था की गई, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और किसानों को उचित लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।अधिकारियों ने कहा कि बिरसा हरित आम बागवानी योजना के माध्यम से जिले में बड़े पैमाने पर फलदार पौधों का रोपण किया गया है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। आम उत्पादन में वृद्धि होने से किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। महोत्सव में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा आम उपभोक्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।