दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद नवाबगंज। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नवाबगंज थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं ने भाग लिया। बैठक में थाना प्रभारी ने कहा कि कुर्बानी की रस्म केवल निर्धारित एवं परंपरागत स्थलों पर ही अदा की जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गली-मोहल्लों तथा सार्वजनिक स्थानों पर खून या कचरा न फैलने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी को असुविधा न हो। थाना प्रभारी ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में साजिद अली, भाजपा मंडल अध्यक्ष आदेश राठौर, व्यापार मंडल अध्यक्ष ठाकुर बबलू वैश्य, बबलू खान, इमरान खान सहित क्षेत्र के कई सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।