दुमका/रफ्तार मीडिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) दुमका ने JPSC और JSSC में कथित घोटालों तथा अनियमितताओं के विरोध में रसिकपुर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
विभाग संयोजक अभिषेक गुप्ता ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक और धांधली से युवाओं का भविष्य अधर में है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच, ब्लैकलिस्टेड कंपनियों की जवाबदेही तय करने, दोषियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में कार्रवाई और कठोर कानून बनाने की मांग की। साथ ही भविष्य की परीक्षाओं में ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, उत्तर कुंजी और कट-ऑफ समय पर जारी करने की नियमावली लागू करने पर जोर दिया।
कॉलेज अध्यक्ष अमन सेन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं की, तो एबीवीपी आंदोलन को तेज करते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और विधानसभा मार्च करेगी।
इस प्रदर्शन में विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र चंद्र गौरी सहित संगठन के कई पदाधिकारी, दर्जनों छात्र-छात्राएं और स्थानीय कोचिंग संस्थानों (मैथ क्लास, दक्ष क्लासेस, ICT कंप्यूटर क्लास आदि) के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।