दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ

फर्रुखाबाद, 14 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू के प्रथम जनपद आगमन पर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यकर्ता परिचय एवं संगठनात्मक बैठक में उन्होंने जिला पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों के साथ संगठन की मजबूती तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।

जनपद सीमा स्थित काली नदी पुल पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला राजेपुर पहुंचा, जहां भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में स्वागत किया गया। आवास विकास तिराहे पर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने शाल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। फतेहगढ़ स्थित आरोग्य पथ पर संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत के नेतृत्व में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया।

जिला कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् से हुआ। राष्ट्रगीत का संचालन महिला मोर्चा की जिला कोषाध्यक्ष प्रीति तिवारी ने किया।

"भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है"

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में न होने पर भी भाजपा अपने सिद्धांतों से कभी पीछे नहीं हटी और "चरैवेति-चरैवेति" की नीति पर निरंतर आगे बढ़ती रही।

उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र और 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद गांव, गरीब, किसान, नौजवान, दलित, आदिवासी और महिलाओं के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं। अब 2027 विधानसभा चुनाव संगठन के सामने बड़ी चुनौती है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ जुटना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर-घर जाकर ऐसे लोगों की पहचान करें जिनका नाम एसआईआर (SIR) मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में किसी भी प्रकार की सिफारिश नहीं चलेगी तथा मासिक बैठकों में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

राम किशोर साहू ने कहा कि संगठन के सामूहिक निर्णय का विरोध करने वाले अनुशासनहीन कार्यकर्ताओं के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि उनका फर्रुखाबाद से पुराना संबंध रहा है और वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में यहां कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत कर 2027 के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।

छोटे कार्यकर्ता को भी बड़ा दायित्व देती है भाजपा

जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि भाजपा ऐसा राजनीतिक दल है, जहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी बड़े दायित्व की जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति नहीं करती, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के आधार पर आगे बढ़ती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि जब मूल संगठन से निकला कार्यकर्ता नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालता है तो पूरे संगठन में उत्साह का संचार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत कर 2027 विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया।

बैठक में जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, रूपेश गुप्ता, डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, अभय सिंह, डॉ. बी.के. गंगवार, वीरेंद्र सिंह राठौर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबीता पाठक, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।