संवाददाता रोहित कुमार/बिजनौर
बिजनौर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने गुरुवार को चांदपुर से हस्तिनापुर तक बाढ़ से प्रभावित एवं क्षतिग्रस्त मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पांडव नगर चौकी, जलालपुर खादर, रायपुर खादर तथा खानपुर दमाल क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों ने लगभग 11 किलोमीटर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए बांध निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांग शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत की जाएगी तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए बांध निर्माण का कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान वर्तमान में क्षेत्र में बाढ़ जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं पाई गई। इसके बावजूद जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि वे किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), मेरठ के सहायक अभियंता द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया कि चांदपुर से हस्तिनापुर मार्ग पर वर्षा एवं बाढ़ के पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने के लिए कुल 14 पुलियों एवं गाइड बांध का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए रिवाइज्ड एस्टीमेट शासन को स्वीकृति हेतु भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करा दिया जाएगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चांदपुर, तहसीलदार चांदपुर, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) मेरठ के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।