कानपुर संवाददाता राजन साहू
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी करने वाले 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त अश्लील वीडियो प्रकरण में फंसाने और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को धमकाते थे। इसके बाद गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर बैंक खातों और UPI के जरिए रुपये मंगवाते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 29 मोबाइल फोन, 3 कारें और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए। जांच में 48 IMEI और 68 मोबाइल नंबर सक्रिय पाए गए। NCRP पोर्टल पर दर्ज 189 साइबर शिकायतों में 60 शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर इसी गिरोह से जुड़े पाए गए।
प्रारंभिक जांच में दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया जाना सामने आया है। अब तक लगभग 2 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का अनुमान है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।