रफ़्तार मिडिया/ बुंडू संवाददाता
बुंडू,अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पी.पी.के. कॉलेज, बुंडू में योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षण का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. विनोद कुमार शर्मा तथा श्री गणपति महतो (सिगिद, सोनाहातु) द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया और योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रभारी श्री सुबोध चंद्र शुक्ला ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. वासुदेव महतो, श्री सबरन सिंह मुंडा, श्री कल्याण राय, श्री अरविंद कुमार साहू सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया तथा नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में योग प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। महाविद्यालय परिवार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने और स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।