दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, साइबर अपराध थाना के पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई थी। टीम ने रानीटांड़ गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान के पास छापेमारी कर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गालिब अंसारी, उम्र 38 वर्ष , थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है। इस संबंध में साइबर अपराध थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी स्वयं को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करता था और क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा देता था। इसके बाद वह मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी को अंजाम देता था। साइबर डीएसपी अमित रविदास ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ है, जिसकी जांच जारी है।