फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, 27 मई। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के अंतर्गत गुरुग्राम में आयुष विभाग के अधीन आने वाले सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को योग, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें दैनिक जीवन में योग को अपनाने हेतु प्रेरित करना रहा। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ मंजू कुमारी ने बताया शिविरों के दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया गया। साथ ही योग के वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नियमित योग अभ्यास तनाव, जीवनशैली से संबंधित रोगों, उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं मोटापे जैसी समस्याओं के नियंत्रण में अत्यंत सहायक है। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य परामर्श सत्रों का भी आयोजन किया गया, जिनमें आयुष चिकित्सकों द्वारा संतुलित आहार, दिनचर्या के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, व्यायामशालाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत स्तर एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।