बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से मंगलवार को कुकड़ू स्थित मुंडा भवन में वीर बिरसा महाविद्यालय डाटम प्रबंधन समिति के तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कुकड़ू की प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला एवं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति मुंडा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के टॉप-3 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने कहा कि आज का दौर अवसरों का दौर है। शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, संगीत, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता को समझने की आवश्यकता है। हर बच्चे की प्रतिभा अलग होती है और उसे उसी दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। जब बच्चों को उनकी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने की स्वतंत्रता मिलती है, तब वे न केवल बेहतर प्रदर्शन करते हैं बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य के प्रति समर्पण, कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि बीडीओ राजश्री ललिता बाखला ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर प्रयास और समय का सदुपयोग आवक है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। वहीं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति मुंडा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में तनाव और दबाव से बचते हुए सकारात्मक सोच बनाए रखना बेहद जरूरी है। स्वस्थ मानसिक स्थिति ही सफलता की मजबूत नींव तैयार करती है।

इस अवसर पर वीर बिरसा महाविद्यालय के प्राचार्य बंकेश्वर प्रसाद सिंह, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, इंद्रजीत महतो, कृतिवास महतो, युधिष्ठिर माझी, धीरज महतो, संजीव सिंह सरदार, डॉ. गुरुचरण महतो, सालबो सिंह सरदार, जवाहर मांझी, अजय सिंह मानकी, प्रेमचंद कुमार, विपतारण महतो, उपेन चंद्र महतो, लेड़ाराम महतो, छुटुलाल महतो, सुनील कुमार महतो, निरंजन प्रसाद महतो, गुणाधर महतो, प्रकाश महतो, गोपाल गोप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।