दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने शुक्रवार को आसनसोल नगर निगम के काली पहाड़ी स्थित गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में भारी अनियमितता सामने आई। गोदाम में कचरा गाड़ियां, वॉटर स्प्रिंकलर समेत सफाई कर्मचारियों के लिए जरूरी सामान भारी मात्रा में जमा मिला, जो कर्मचारियों तक पहुंचा ही नहीं था। मंत्री पाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इन सामग्रियों को दबाकर रखने से सफाई कर्मचारी 15 वर्षों से दयनीय हालात में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि नई सरकार में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मंत्री ने अधिकारियों को सभी सामानों की विस्तृत सूची सौंपने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने हैरानी जताई कि नियमित टेंडर के बावजूद सामान का वितरण नहीं हुआ। मंत्री पाल ने कहा कि वह नगर निगम से जवाब मांगकर दोषियों पर कार्रवाई करेंगी और सफाई कर्मियों को उनका हक दिलाएंगी।