जितेंद्र कुमार दास/तोपचांची :प्रखंड के कामता गांव की 28.12 एकड़ लैंड सीलिंग से अर्जित गैरमजरूआ भूमि की स्थिति स्पष्ट करने और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार से प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 1975 में अर्जित भूमि की वास्तविक स्थिति आज तक स्पष्ट नहीं की गई है तथा बिना स्पष्ट जानकारी के जमाबंदी की जा रही है। धरना को समर्थन देते हुए गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और सरकारी भूमि अभिलेखों के संरक्षण में लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि आरटीआई के माध्यम से जानकारी मांगने और प्रथम व द्वितीय अपील करने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच, तथ्य सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई होने तक उनका धरना जारी रहेगा।