सिमरी बख्तियारपुर/सहरसा।प्रखंड क्षेत्र के तरियामा मध्य विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब मध्यान भोजन (मिड-डे मील) के दौरान बच्चों की थाली में परोसे गए चावल में पिल्लू निकलने लगा। भोजन में गड़बड़ी देख स्कूली बच्चों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विद्यालय परिसर में काफी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए और मामले को लेकर नाराजगी जताने लगे। जानकारी के अनुसार, मध्यान भोजन परोसे जाने के दौरान कुछ बच्चों ने अपनी थाली में चावल के बीच पिल्लू देखा। इसके बाद अन्य बच्चों ने भी अपनी-अपनी थाली की जांच की तो कई थालियों में पिल्लू पाए गए। यह देखते ही बच्चों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने भोजन करने से इनकार करते हुए विद्यालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

''●बच्चों ने एचएम पर लगाया अनदेखी का आरोप''

छात्रा मुस्कान कुमारी, मधु कुमारी, शिवानी कुमारी, कोमल कुमारी, पिंकी कुमारी, नूतन कुमारी, रिंकी कुमारी एवं सोनाली कुमारी ने आरोप लगाया कि जब इस मामले की जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेंद्र पासवान को दी गई तो उन्होंने कहा कि उस चावल को फेंक दो और दूसरा चावल ले लो। बच्चों का कहना था कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर विद्यालय प्रबंधन गंभीर नहीं है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राकेश रौशन विद्यालय पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित बच्चों एवं ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे मामले में पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद मामले की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी सह शिक्षा पदाधिकारी जयकिशन को दी गई।

''●बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन''

सूचना मिलते ही बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयकिशन विद्यालय पहुंचे और बच्चों व ग्रामीणों की शिकायत सुनी। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पदाधिकारी के आश्वासन के बाद बच्चों एवं ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। विद्यालय में हुई इस घटना को लेकर अभिभावकों में भी नाराजगी देखी गई। ''मैं जब विद्यालय पहुंचा तो चावल में पिल्लू दिखाई दिया। अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।'' ''जयकिशन, बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सिमरीबख्तियारपुर''